छह कार्यकर्ता पार्टी से निष्कासित

ड़सर (हमीरपुर)। स्थानीय मंडल भाजपा ने विस क्षेत्र के छह कार्यकर्ताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया। इसके साथ ही प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विनोद ठाकुर और भाजयुमो के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राकेश शर्मा उर्फ बबली के निष्कासन की सिफारिश संबंधित अध्यक्ष को भेज दी गई। कार्यकर्ताओं के निष्कासन की जानकारी भाजपा मंडल मीडिया प्रभारी राकेश भाना ने दी।
बड़सर भाजपा मंडल कार्यकारिणी की बैठक पूर्व विधायक बलदेव शर्मा के आवास लंजयाणा में 25 दिसंबर को मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बन्याल की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में मंडल कार्यकारिणी, जिला कार्यकारिणी सदस्य और ग्राम केंद्रों, मोर्चोें और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों सहित 133 सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में सर्व सहम्मति ने निर्णय लिया कि जिन भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चुनावों में पार्टी प्रत्याशी बलदेव शर्मा के खिलाफ काम किया है, उन्हें तत्काल भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया जाए। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सर्वसहम्मति से ग्राम केंद्र बाड़ा के तहत बाड़ा बूथ अध्यक्ष प्रताप सिंह, महामंत्री निक्का राम, पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं पार्टी सदस्य सुशीला शर्मा, मंडल कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व मीडिया प्रभारी नानक चंद, पार्टी सदस्य एवं दलचेहड़ा पंचायत प्रधान सुरेश कुमार, पार्टी सदस्य एवं किसान मोर्चा पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव कुमार को भाजपा की प्राथमिक सदस्य से निष्कासित कर दिया। इसके अलावा बैठक में सर्वसहमति से प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विनोद ठाकुर को पद और प्राथमिक सदस्यता से निष्कासन की सिफारिश अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश भाजपा से की गई। इसके साथ ही भाजयुमो राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राकेश शर्मा उर्फ बबली को पद और प्राथमिक सदस्यता से निष्कासन की सिफारिश राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजयुमो से की गई। मंडल कार्यकारिणी का मानना है कि पार्टी के इन पदाधिकारियों व सदस्यों के प्रत्याशी की हार हुई है।

Related posts