चौपाल में बहेगी विकास की गंगा : बलवीर

नेरवा (शिमला)। विधायक बलवीर सिंह वर्मा ने कहा कि चौपाल हलका विकास में काफी पिछड़ गया है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कुशल नेतृत्व में पांच वर्ष के भीतर यहां विकास की गंगा बहाई जाएगी। यहां स्वास्थ्य और शिक्षा को मजबूत किया जाएगा। इसके लिए इन विभागों में रिक्त पद भरे जा रहे हैं। वहीं, बदहाल सड़कों की दशा भी सुधारी जाएगी। वह चौपाल निर्वाचन हलके के थरोच में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मार्च माह के पहले सप्ताह में चौपाल की जनता को शिमला में 13 कमरों से बना चौपाल सदन समर्पित किया जाएगा। इसमें चौपाल से निजी कार्य से शिमला आने वाले लोगों को खाने तथा ठहरने की मुफ्त सुविधा होगी। इससे पूर्व विधायक ने नेरवा में बाईपास सड़क के कार्य का शुभारंभ किया। यहां शौचालय बनाने के लिए जगह का चयन भी किया। थरोच में दूर-दूर से लोग विधायक से मिलने पहुंचे थे। विधायक ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण करने का भरोसा दिया। विधायक ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थरोच में खेल मैदान निर्माण को एक लाख, खेल के सामान को एक लाख समेत स्कूल में दो कमरों के निर्माण समेत महिला मंडल भवन के लिए धनराशि देने की घोषणा भी की। इस मौके पर पूर्व जिला परिषद सदस्य एलएस पोटन, पूर्व प्रधान मंगत राम सिसोदिया, क्षेत्र की प्रधान ऐश्वर्या सिसोदिया, भोपिंद्र सिसोदिया, टिक्करी पंचायत प्रधान जीतराम शर्मा, देवत प्रधान योगेश अजटा, भराणू प्रधान बीना बघाईक, चौपाल नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष चंद्रमोहन ठाकुर, पार्षद दीपक पनाईक, बार एसोसिएशन चौपाल अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह चौहान, पूर्व समिति उपाध्यक्ष जोधराम भिखटा आदि मौजूद थे।

Related posts