चौंग में घास का भंडारण घर राख

जरी (कुल्लू)। मणिकर्ण घाटी के चौंग में शनिवार देर रात घास रखने के बनाए गए भंडारण घर में आग भड़क उठी। आगजनी में भंडारण किया हुआ घास जलकर राख हो गया है। उसी भंडारण घर की निचली मंजिल में रखे गए मवेशियों को ग्रामीणों के सहयोग से सुरक्षित बाहर निकाला लिया गया, लेकिन आग बुझाने में ग्रामीण असमर्थ रहे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
आग की घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पंचायत उपप्रधान इंद्रजीत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों को जिला प्रशासन से राहत राशि प्रदान करवाने का आश्वासन दिया है। अग्निकांड में जालपे राम महंत का घास भंडार घर जलकर राख हो गया है। युवक मंडल प्रधान भानू भंडारी ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को प्रशासन से अनुदान राशि देने की गुहार लगाई है। उधर, महिला मंडल तथा युवक मंडल और घाटी के लोगाें ने जरी या शाट में जिला प्रशासन तथा सरकार से अग्निशमन केंद्र खोलने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने कहा कि इस समस्या के बारे में जल्द स्थानीय विधायक से मुलाकात की जाएगी। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह ने कहा कि अग्निशमन केंद्र खोलने की मांग लोगों की जायज है। उन्होंने बताया कि वह जल्द पीड़ित परिवारों का दुखड़ा सुनने गांव जाएंगे।

Related posts