
भरमौर (चंबा)। मणिमहेश चढ़ावे मामले के आरोपी तहसील कार्यालय भरमौर में बतौर सेवादार कार्यरत मणि राम को पुलिस ने रविवार को न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने न्यायालय में आरोपी से बरामदगी और पूछताछ शेष रहने का हवाला देते हुए उसे रिमांड पर भेजने का आग्रह किया। न्यायालय ने पुलिस की अर्जी को स्वीकार करते हुए आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए। अब पुलिस ने आरोपी से कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इस बिंदु पर भी गहन पूछताछ होगी कि एसडीएम कार्यालय से उड़ाई चढ़ावे की नगदी को आरोपी ने कहां छिपाया है। आरोपी पहले भी पुलिस के समक्ष कह चुका है कि कुछ नगदी पानी में बहाई और कुछ जला दी, लेकिन आरोपी की यह कहानी किसी के गले नहीं उतर रही है। पुलिस इस बिंदु पर आरोपी से पूछताछ शुरू कर रही है। इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने वारदात को अकेले अंजाम दिया है या उसके साथ कोई और भी शामिल हैं। पुलिस की पूछताछ में यह खुलासा होगा। आरोपी की काल डिटेलस भी पुलिस खंगाल रही है। मणिमहेश यात्रा और चोरी की वारदात के दौरान आरोपी ने किन-किन लोगों को फोन किए उन लोगों को भी पूछताछ के लिए थाना तलब किया जा सकता है। आरोपी के पास उस कमरे की चाबी कहां से आई, जिस कमरे में चढ़ावा रखा हुआ था, आरोपी ने कहीं नकली चाबी तो तैयार नहीं करवाई थी। इस बिंदु पर भी पुलिस की जांच केंद्रित है। बताया जा रहा है कि एसडीएम कार्यालय की एक खिड़की भी खुली थी। यह खिड़की इसलिए बंद नहीं होती थी, क्योंकि यहां से केबल तार दफ्तर में लाई गई है। यदि आरोपी उस रास्ते से गया होगा, तो उसके साथ और भी कुछ लोग हो सकते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि इस खिड़की तक पहुंचने के लिए रस्सी तथा अन्य लोगों का सहारा लिया जा सकता है। एसएचओ ज्ञान चंद ठाकुर ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड में लिए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपी से कड़ी पूछताछ शुरू कर दी गई है।
