
अंब (ऊना)। उपमंडल अंब में वन माफिया जंगल खाली कर रहा है। प्रतिबंधित लकड़ी पर जमकर कुल्हाड़ी चलाई जा रही है। अवैध रूप से काटी इस लकड़ी को चोखे दामों पर पंजाब में बेचा जा रहा है। विभागीय कार्रवाई के बावजूद वन माफिया बेखौफ अपने धंधे को अंजाम दे रहा है। अब की बार वन काटुओं ने चीड़ के 80 पेड़ काट डाले हैं। इन पेड़ों की लकड़ी गायब है और मौके पर ठूंठ शेष रह गए हैं। इसका खुलासा त्याई पंचायत के निवासियों ने किया है। मकबूल मुहम्मद, रसूल मुहम्मद, आयुब के मुताबिक त्याई पंचायत के अंतर्गत पड़ते शमशानघाट एवं आसपास के इलाके में वन काटुओं ने चीड़ के करीब 80 पेड़ तथा खैर के 15 पेड़ काट डाले हैं। इसकी सूचना वन विभाग को भी दी गई, लेकिन अभी तक इस बारे में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जिस कारण वन काटुओं के हौसले और बुलंद हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें विभाग के कर्मियों की भी मिलीभगत हो सकती है। उधर, वन परिक्षेत्राधिकारी अंब जनम सिंह ने शिकायत की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। मामले की जांच की जा रही है। वन काटुओं को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर वनों में इस तरह कुल्हाड़ी चलती रही तो वन क्षेत्र ही खत्म हो जाएगा, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पडे़गा। वन मंडलाधिकारी आरके कौशल ने कहा कि वन परिक्षेत्राधिकारी ने उन्हें सूचना दी है। इस पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
