चित्रों से मिलेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी

चंबा। जिला मुख्यालय स्थित बैडमिंटन हाल में भारत निर्माण चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की इकाई शिमला ने लगाई है। पांच दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ अतिरिक्त उपायुक्त आरएस राणा ने किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों व पंचायत प्रतिनिधियों को केंद्रीय योजनाओं के बारे में जानकारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि समय-समय पर इस प्रकार की प्रदर्शनियों का आयोजन होना चाहिए। इससे लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने में काफी सुविधा मिलती है। नौ फरवरी तक चलने वाली इस प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र सरकार के भारत निर्माण के फ्लेगशिप कार्यक्रमों को चित्रों के माध्यम से दर्शाया जाएगा।
इस प्रदर्शनी में करीब 200 चित्रों के माध्यम मनरेगा, एसएसए, शिक्षा का अधिकार कानून, राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन, मध्यान भोजन योजना, महिला व बाल विकास कार्यक्रम, सूचना का अधिकार कानून और जवाहर लाल नेहरू शहरी नवीकरण मिशन तथा अल्पसंख्यकों के लिए प्रधानमंत्री का 15 सूत्रीय कार्यक्रम समेत अनेक कल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी सहायक एचआर शर्मा ने बताया कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय इकाई शिमला पंचायत प्रतिनिधियों को सरकारी योजनाओं से अवगत करवाने के लिए समय-समय पर प्रदर्शनियां लगाता है। उन्होंने कहा कि चुवाड़ी में 13 से 17 फरवरी तक इस प्रकार की प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।

Related posts