
रामपुर बुशहर। लोनिवि, आईपीएच कर्मचारी तथा मजदूर यूनियन की रविवार को हुई बैठक में सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को लागू न करने पर सरकार के प्रति नाराजगी जताई गई। कर्मचारियों ने कहा कि न्यायालय के आदेशों की अवहेलना मानते हुए सरकार से इस दिशा में कठोर कदम उठाने की मांग की है। सर्वोच्च न्यायालय ने सात मई को प्रदेश में आठ वर्ष से अधिक सेवाकाल पूरा कर चुके मजदूरों को एरियर देने का फैसला सुनाया था। कर्मचारियों का कहना है कि प्रदेश सरकार ने इस पर अभी तक गौर नहीं किया है, जिससे उनके साथ अन्याय हो रहा है। रामपुर में रविवार को हुई बैठक में कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार से इस फैसले को तुरंत लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर सरकार फैसले को जल्द अमल नहीं करेगी, तो उनको मजबूरन कठोर कदम उठाना पड़ेगा। बैठक में कर्मचारियों ने चिकित्सा और यात्रा भत्ते देने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही वर्ष 2000 में पंप चालक का प्रशिक्षण प्राप्त कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग भी उठाई। इस बैठक में राज्य कमेटी के अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, रामपुर इकाई के अध्यक्ष बीएस चौहान, भगवान दास, धर्मपाल, विजय प्रकाश, आनंद शर्मा, विशेषर, कृष्ण चड्ढा, दीपराम, जीवन, प्रीतम सिंह, दीपराम, चत्तर सिंह आदि उपस्थित थे।
