चालक निभा रहे परिचालक की ड्यूटी

कुल्लू। भले ही राज्य सरकार सूबे में एचआरटीसी की बसों की कमी को पूरा करने के लिए बडे़-बडे़ वादे कर रही है लेकिन, बसों को चलाने के लिए चालक-परिचालकों के पद खाली पड़े हैं। इसका ताजा उदाहरण निगम के कुल्लू डिपो का है। परिचालकों की कमी के कारण एचआरटीसी प्रबंधन ने चालकों को परिचालक की सीट पर बैठा रखा है। इसके प्रति निगम के कर्मचारियों में भी भारी रोष है।
वोल्वो बसों में चालक परिचालक की जगह ड्यूटी दे रहे हैं। एचआरटीसी डिपो कुल्लू में तीस के करीब परिचालकों के पद खाली हैं। इससे अन्य परिचालकों की कई छुट्टियां भी रद्द हो गई हैं। अवकाश पर जाने के लिए भी परिचालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। परिचालक यूनियन कुल्लू के प्रधान प्यारे लाल ने बताया कि डिपो में परिचालकों की भारी कमी चल रही है। कई परिचालकों की सौ से पांच सौ तक संडे की छुट्टियां भी शेष बची हैं।
प्रदेश संयोजक युवा मोर्चा स्टडी सेल प्रभारी लाहौल-स्पीति दिगंबर सिंह राणा ने बताया कि यह सरासर खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्रियों ने एचआरटीसी के बेड़े को खोखला कर दिया है। उन्होंने बताया कि कुल्लू में खाली परिचालकों के पदों पर अगर सरकार भर्ती कर नहीं सकती है तो झूठे वायदे कर जनता को गुमराह क्यों किया जा रहा है।
उधर, आरएम कुल्लू पवन कुमार शर्मा ने भी माना कि तीस के करीब परिचालकों की कमी चल रही है। उन्होंने बताया कि मजबूरन चालक को परिचालक का कार्यभार सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए सरकार और निगम से पत्राचार किया गया है।

Related posts