
बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल के तहत धंगोटा बिझड़ी सड़क मार्ग की टारिंग चार माह में उखड़ गई है। हालत यह है कि सड़क मार्ग में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं तथा वाहन चलाना भी मुश्किल हो गया है। क्षेत्र वासियों ने टारिंग बिछाने के कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं तथा इसकी जांच करने की मांग की है। गौरतलब है धंगोटा से बिझड़ी तक सात किमी. सड़क मार्ग में अक्तूबर माह में टारिंग बिछाने का कार्य किया गया लेकिन सड़क हालत यह है कि चार माह में सड़क की टारिंग बुरी तरह से उखड़ गई है।
मथोल से बल्ह बिहाल तक सड़क की चढ़ाई में बड़े बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे चालकों को वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। शेष सड़क में जगह-जगह से बजरी उखड़ गई है। धंगोटा क्षेत्र के लोगों सतीश कुमार, बलवंत सिंह, जसवंत सिंह, पुरुषोत्तम सिंह, मेहर सिंह, अजुध्य देवी, परमजीत, नारायण सिंह, बलदेव सिंह, श्री राम, निक्का राम, रोशन लाल, सीता राम, बलीराम, सरबण सिंह, अशोक कुमार, सोमदत्त, कर्म सिंह सहित अन्य कई लोगों ने सड़क मार्ग में टारिंग कार्य की गुणवत्ता की जांच करने तथा सड़क मार्ग की मरम्मत करने की मांग की है।
उधर अधिशासी अभियंता आरके गर्ग ने बताया कि सड़क का रखरखाव कार्य ठेकेदार के जिम्मे हैं। उन्होंने कहा कि ठेेकेदार को सड़क की हालत में सुधार लाने के निर्देश दिए जाएंगे।
