चार दिन और लगेंगे धारचूला मार्ग खुलने में

धारचूला/मुनस्यारी/मदकोट। बारिश ने भारी तबाही मचाई है। धारचूला और मदकोट का सड़क संपर्क 18 जून से बंद है। इस वजह से रसद और जरूरी सामग्री के साथ ही राहत कार्यों के संचालन में भी दुश्वारी आ रही है। अलबत्ता ग्रिफ ने चार दिनों में धारचूला तक आवाजाही सुचारू करने का दावा किया है।
मदकोट-जौलजीवी रोड का तीन किलोमीटर से अधिक हिस्सा गायब है। इस मार्ग के फिलहाल एक महीने तक खुलने के आसार नहीं है। यहां अभी काम तक शुरू नहीं किया जा सका है। यहां पहुंचने के लिए इस वक्त भदेली से तीन किलोमीटर पैदल दूरी लांघनी पड़ रही है।
वहीं राजमार्ग धारचूला तक अभी पहुंच नहीं हो सकी है। बलुवाकोट से आगे का हिस्सा बंद है। अलबत्ता सीमा सड़क संगठन ने धारचूला की तरफ से नया बस्ती तक नौ किलोमीटर रोड खोल दी है। साइड इंचार्ज बीके श्रीवास्तव ने कहा कि कालिका तक सड़क जल्द खोल दी जाएगी। गोठी में लिंक मार्ग पूरा कर लिया गया है। अब यहां सिर्फ 15 मीटर चट्टान कटनी है। चार दिन में इस मार्ग को आवाजाही लायक बना लिया जाएगा। धारचूला से बलुवाकोट तक पहुंचने के लिए गोठी से नया बस्ती तक चार किमी पैदल दूरी नापनी होगी। सड़क के धराशायी होने के बाद जोखिम के साथ लोग आगे बढ़ने को मजबूर हैं।

Related posts