
जोशीमठ/गोपेश्वर। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लामबगड़ भूस्खलन क्षेत्र में काम करते हुए चट्टान से छिटके पत्थर से बीआरओ के मजदूर झारखंड निवासी बलराम (32) पुत्र दुबल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। थानाध्यक्ष रामी राम ने बताया कि मजदूर के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। इधर, बीती सात सितंबर को मोलागाड़ गदेरे में बही सुनीति गांव की नेहा (11) पुत्री युद्धवीर सिंह का शव शनिवार को नंदप्रयाग के मुनियाली तोक के समीप नंदाकिनी नदी के तट पर मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया है।
