
बनीखेत (चंबा)। विधायक आशा कुमारी ने वीरवार को नव स्तरोन्नत राजकीय मिडिल स्कूल चकरा का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि प्राथमिक और मिडिल स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से 25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में रिक्त चल रहे शिक्षकों के पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रदेश में विभिन्न विभागों में 30 हजार के करीब पद खाली चल रहे हैं। शिक्षा विभाग में 20 हजार पद खाली पड़े हुए हैं। फंक्शनल पोस्टों को भरने के लिए शार्ट टर्म पालिसी को शीघ्र अमलीजामा पहनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पटवारियों के सात सौ पद भरे जाएंगे। इसके अलावा दो हजार नियमित अध्यापकों के पद कमीशन के आधार पर भरे जाएंगे। उन्हाेंने कहा कि चकरा स्कूल के भवन निर्माण के लिए शिक्षा विभाग को भूमि का चयन करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्कूल में फर्नीचर के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि एक करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से बनने वाली शेरपुर उठाऊ सिंचाई योजना और लूणाह-कुठेड़ पेजयल योजना की डीपीआर तैयार हो गई है। शीघ्र ही इन योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने चकरा श्मशानघाट के निर्माण के लिए डेढ़ लाख देने की घोषणा की। शिक्षा विभाग के डिप्टी डीओ ने शिक्षा क्षेत्र के सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन वीके शर्मा, विद्युत बोर्ड के एक्सईएन राजेंद्र ठाकुर, वन मंडलाधिकारी आरपी गोमा और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
