
चंबा। पुलिस मैदान बारगाह में 4 अक्तूबर से लेकर 10 अक्तूबर तक सेना की ओपन भर्ती होगी। सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर के निदेशक कर्नल नवजोत कंग ने बताया कि यह भर्ती कांगड़ा-चंबा के उम्मीदवारों के लिए आयोजित की जा रही है। 4 अक्तूबर को जिला कांगड़ा के इंदौरा, नूरपुर, फतेहपुर, ज्वाली, ज्वालामुखी, जसवां कोटला और उपतहसील हरचक्कियां तहसीलों के सभी उम्मीदवारों के लिए सोल्जर सामान्य ड्यूटी की भर्ती होगी। इसी पद के लिए 5 अक्तूबर को कांगड़ा के धर्मशाला, कांगड़ा, देहरा, शाहपुर, बढ़ोह और रक्कर तहसीलों के उम्मीदवारों और 6 अक्तूबर को कांगड़ा जिला के जससिंहपुर, पालमपुर, धीरा, थुरल, खुंडिया, बैजनाथ और मुलथान तहसीलों के उम्मीदवारों की भर्ती होगी। सात अक्तूबर को सोल्जर सामान्य ड्यूटी ट्रेड के लिए चंबा जिला के सभी उम्मीदवारों की भर्ती होगी। इसके अलावा 8 अक्तूबर को सोल्जर क्लर्क एसकेटी ट्रेड के लिए जिला कांगड़ा के सभी उम्मीदवारों की भर्ती होगी। नौ अक्तूबर को सोल्जर क्लर्क एसकेटी ट्रेड के लिए जिला चंबा के सभी उम्मीदवारों की भर्ती होगी। नौ अक्तूबर को ही डीएससी ट्रेड के लिए हिमाचल प्रदेश, हरियाणा (गुडगांव, मेवात, पलवल और फरिदाबाद जिलों को छोड़कर) और यूटी चंडीगढ़ के उम्मीदवारों की भर्ती होगी। सोल्जर सामान्य ड्यूटी ट्रेड में भर्ती होने वाले उम्मीदवार की आयु साढ़े 17 वर्ष से लेकर 21 वर्ष और सोल्जर क्लर्क व एसकेटी के उम्मीदवारों की आयु साढ़े 17 वर्ष से लेकर 23 वर्ष होनी अनिवार्य है। कर्नल कंग ने बताया कि हथेली के पीछे और बाजू के अंदर के टैटू को छोड़ जिनके शरीर में किसी प्रकार का स्थायी टैटू होगा उन्हें भर्ती नहीं किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया सुबह 5 बजे से शाम आठ बजे तक चलेगी। उन्होंने कहा कि युवा फर्जी दस्तावेज लेकर न आएं और दलालों के चक्कर में भी न पड़ें।
