ग्रामीणों ने नई सर्वे पर जताया विरोध

चंपावत। मझेड़ा ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने स्वांला से बडोली तक प्रस्तावित नई सड़क की सर्वे बदलने की मांग उठाई है। इस संबंध में ग्रामीणों की ओर से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर नई सर्वे पर विरोध जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि नई सर्वे में मझेड़ा गांव को पूरी तरह से सड़क सुविधा से वंचित किया जा रहा है, जबकि मझेड़ा गांव की आबादी 500 से अधिक होने के साथ ही यहां अनुसूचित जाति के परिवार भी बहुतायत में रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि नई सर्वे में मझेड़ा गांव को लाभांवित नहीं किया गया तो वह सड़क मार्ग के लिए भूमि नहीं देंगे।
ग्रामीणों की ओर से दिए गए ज्ञापन में धौन से बडोली सड़क की सर्वे किए जाने की मांग उठाई गई है। कहा गया है नई सर्वे में मझेड़ा ग्राम पंचायत को भी शामिल किए जाने से जहां सभी लोगों को यातायात सुविधा का लाभ मिलेगा, वहीं रोड की दूरी भी बेहद कम पडे़गी। अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपने वालों में ग्राम प्रधान भूपति देवी, चंद्रमनी भट्ट, सुरेश चंद्र, उमा देवी, दीपा भट्ट, रवीश चंद्र, नीलावती, दिनेश चंद्र, निर्मला, दुर्गा देवी, बेनी देवी, रमेश भट्ट, मोतीराम, खिलानंद, भुवन चंद्र, रामदत्त आदि ग्रामीण शामिल रहे।

Related posts