
चंपावत। जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर के खेतखेड़ा में किरौला नाले पर ओवरब्रिज बनाने की मांग जोर पकड़ती जा रही है। किरौला नाले और रौखड़ के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात में किरौड़ा नाला विकराल रूप धारण कर लेता है, जिस कारण खेतखेड़ा, थ्वालखेड़ा, उचौलीगोठ सहित कई गांवों का संपर्क शेष दुनिया से कट जाता है। क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि खेतखेड़ा सहित किरौड़ा नाले से प्रभावित अन्य स्थानों में ओवरब्रिज का निर्माण किए जाने से जहां ग्रामीणों की परेशानियों का अंत होगा, वहीं पूर्णागिरि मेले में शामिल होने वाले तीर्थ यात्रियों को भी सुविधाएं मिल सकेंगी।
खेतखेड़ा के सामाजिक कार्यकर्ता पुष्कर दत्त जोशी, हरीश जोशी, खीम सिंह, गिरीश जोशी, बची सिंह महर आदि की ओर से इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर ओवरब्रिज निर्माण की दिशा में सकारात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात में किरौड़ा नाले के उफान में रहने से स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ ही लोगों को आवाजाही में खासी दिक्कतें पेश आती हैं। दुग्ध और सब्जी उत्पादकों को भी किरौड़ा नाले को पार करने में परेशान होना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी की ओर से ओवरब्रिज निर्माण की घोषणा की गई थी, लेकिन उस घोषणा को आज तक अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका है।
