गौशाला में आग, 10 पशु जले

चंपावत। तल्लादेश क्षेत्र के ग्वानी गांव में एक गौशला में आग लग गई। आग से पांच गायों समेत 10 जानवर जिंदा जल गए। आग लगने के कारणा का पता नहीं चला है। अग्निकांड में 30 हजार रुपए से अधिक का अनुमान है।
मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर दुबड़जैनल ग्राम पंचायत के ग्वानी तोक में शनिवार रात में चंचल सिंह के गौशाला में आग लग गई। हादसे में पांच गायें, दो बैल और तीन बकरियां जिंदा जल गए। इसके अलावा एक गाय और एक बैल गंभीर रूप से झुलस गए। आग से 30 हजार रुपए से अधिक का नुकसान हो गया। अलबत्ता आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका है।
पूर्व ग्राम प्रधान विपिन जोशी ने प्रशासन को अग्निकांड की जानकारी दी। उप जिलाधिकारी नरेश दुर्गापाल ने राजस्व विभाग के उप निरीक्षक चूड़ाराम को मौके मुआयना करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि हादसे के कारणों की जांच करने के बाद पीड़ित को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही पशुपालन विभाग को मृत जानवरों के पोस्टमार्टम के निर्देश दिए गए हैं। पशुपालन विभाग की टीम दो घायल जानवरों के इलाज को रवाना हुई है।

Related posts