गैहरा में दो मोटरसाइकिल जलाईं

गैहरा (चंबा)। ग्राम पंचायत गैहरा में शरारती तत्वों ने दो मोटरसाइकिल को आग लगा दी। इससे मोटरसाइकिल पूरी तरह से जल गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक रविवार को गैहरा स्थित हनुमान मंदिर में जगराता था। जगराते के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे हुए थे। मंदिर से 100 मीटर की दूरी पर एक रेन शैल्टर है। यहां पर अमर सिंह पुत्र गुरमुख सिंह निवासी घोल्टी और सुरेश कुमार पुत्र कर्म चंद निवासी लेच ने अपनी मोटरसाइकिल को खड़ा किया था। रात लगभग तीन बजे जब जागरण खत्म हुआ तो शरारती तत्वों ने अमर सिंह की मोटरसाइकिल (नंबर एचपी 20-बी-0968) और सुरेश कुमार की मोटरसाइकिल (एचपी 38 ए 5411) को आग लगा दी। पुलिस ने थाना भरमौर में आईपीसी की धारा 435 के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसआई रामपाल ने बताया कि पुलिस इस मामले की वैज्ञानिक ढंग से भी जांच कर रही है।

Related posts