
सलूणी (चंबा)। ग्राम पंचायत कंधवारा के लोग डिपो की समस्या को लेकर उपायुक्त से मिले। उन्होंने उपायुक्त को बताया कि कंधवारा पंचायत में पिछले लगभग आठ महीने से सस्ते राशन का डिपो अस्थायी रूप से चलाया जा रहा है। इससे लोगों को समय पर राशन नहीं मिल रहा है और वे काफी परेशान है। उन्होंने कहा कि स्थायी डिपो न होने के कारण लोगाें को मजबूरन बाजार से महंगे दामोें पर सामान खरीदना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी दिनेश कुमार, संत राम, लेख राज, खेमराज, मानियां, प्रभु राम और अली मोहम्मद ने उपायुक्त को बताया कि कुछ समय पहले ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित करके स्थानीय डेलू राम पुत्र परस राम निवासी गांव सैणी को डिपो होल्डर के रूप में नियुक्त किया गया। इसके बाद लगभग तीन माह पहले इसकी प्रतिलिप खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को दे दी थी, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। इसके कारण लोगों को न तो स्थायी डिपो मिला और न डिपो होल्डर। ऐसे में यह डिपो कभी किसी जगह पर तो कभी किसी अन्य जगह पर चल रहा है जिसका सैकड़ों लोगों को वास्तव में कोई लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने उपायुक्त से मांग की है कि इस मामले पर तुरंत उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए। इससे राशनकार्ड धारकों को सुविधा मिलेगी। उधर, उपायुक्त संदीप कदम ने आश्वासन दिया है कि जल्द उनकी समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
