
पंजावर/हरोली (ऊना)। पंडोगा क्षेत्र में एक व्यक्ति ने खेत में ट्रैक्टर चलवाकर गेहूं की फसल उजाड़ दी। दो किसानों ने इसकी पुलिस के पास शिकायत की है। शिकायतकर्ता पंचायत समिति के उपाध्यक्ष अश्वनी कुमार और रामपाल ने पंडोगा पुलिस चौकी में दायर शिकायत पत्र में कहा कि उन्होंने गेहूं की फसल बीज रखी थी, जिस पर आरोपी ने ट्रैक्टर चलवा दिया। आरोपी ने पूरे खेत को खोद डाला। इससे इन दोनों की करीब 25 कनाल भूमि पर उगी गेहूं की फसल नष्ट हो गई। इससे दोनों किसानों को करीब 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ। पंडोगा पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई विशेष कुमार ने शिकायत पत्र मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि छानबीन पाया गया है कि यह जमीन के विवाद से संबंधित घटना है। जिस व्यक्ति ने खेत में ट्रैक्टर चलवाया है, उसके दोनों भाइयों ने शिकायतकर्ताओं को जमीन बेची है। जबकि ट्रैक्टर चलवाने वाले का भी इस जमीन में साझा हिस्सा है। चौकी प्रभारी ने कहा कि पूरे मामले की रिपोर्ट एसडीएम धनवीर ठाकुर को प्रेषित कर दी गई है।
