गिंयुरा में आग से तीन मंजिला मकान राख

गैहरा (चंबा)। ग्राम पंचायत पियुहरा के गांव गियुरा में अचानक आग लग गई। इससे एक तीन मंजिला मकान जलकर पूरी तरह से राख हो गया। आग से लगभग 40 लाख रुपये से ज्यादा के नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। शनिवार रात तीन बजे के करीब ज्ञान चंद उर्फ गाडू राम पुत्र भंगाली राम निवसी गिंयुरा के घर में आग लग गई। इस समय उसके परिवार के सभी सदस्य सोए हुए थे। जैसे ही उन्होंने देखा कि घर में आग लग गई है वह उठकर बहार की तरफ भागे। सबसे पहले उन्होंने मवेशियों को घर से बाहर निकाल लिया। इसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी। कुछ ही देर में पड़ोसी एकत्रित हो गए। इसके बाद सभी आग बुझाने में जुट गए। लगभग एक घंटे तक ग्रामीण आग बुझाने की कोशिश में जुटे रहे, लेकिन तब तक सबकुछ जलकर राख हो चुका था। बताया जा रहा है कि ऊपरी मंजिल में शार्ट सर्किट होने की वजह से घर में आग लगी थी। स्थानीय पंचायत प्रधान जोगिंद्र सिंह ने बताया कि सुबह आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वह गैहरा पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि आग लगने से सबकुछ जलकर राख हो गया है और लगभग 40 लाख से ज्यादा नुकसान होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन व पटवारी को इस बारे में सूचित कर दिया गया है। प्रधान ने बताया कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करने की कोशिश की जाएगी। उधर, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोरचा के प्रदेश अध्यक्ष जीया लाल कपूर ने प्रशासन से मांग की है कि अग्निक ांड पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द राहत प्रदान की जाए। इसके अलावा बेघर परिवार के रहने ही व्यवस्था की जाए।

Related posts