गाड़ी खाई में गिरी, पांच लोग घायल

ठियोग (रामपुर बुशहर)। यहां फागू के सेब नियंत्रण कक्ष के पास एक बोलेरो कैंपर गाड़ी खाई में जा गिरी। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला के लिए रेफर किया गया है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उपमंडल ठियोग के साथ लगते फागू के सेब नियंत्रण कक्ष के पास एक कैंपर गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब तीन सौ फीट गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस का दल भी मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए ठियोग अस्पताल लाया, जहां से उनकी हालत को देखते हुए शिमला रेफर कर दिया गया है। हादसे के समय लोग गाड़ी में शिमला किसी शादी समारोह में भाग लेने जा रहे थे।
इस हादसे में दो पुरुष और तीन महिलाएं घायल हुई हैं। घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया है। डीएसपी रतन सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गाड़ी संख्या एचपी 62ए 2486 में पांच लोग शादी में जा रहे थे, जो फागू के पास खाई में जा गिरी है। उन्होंने बताया कि घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts