गर्मी से राहत पर किसानों में हड़कंप

ऊना। सुबह से हो रही रुक-रुक हुई बारिश से ऊना में मौसम कूल-कूल हो गया है। दिनभर ठंडी हवाएं भी चलती रहीं। शनिवार रात को भी ऊना में बारिश हुई। इसके चलते लोगों ने घरों में चल रहे पंखे आदि बंद कर दिए। बारिश से लोग राहत महसूस कर रहे हैं। रविवार को दिनभर बादल छाए रहे। सुबह के समय बारिश भी हुई। हालांकि बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों में हड़कंप की स्थिति है। किसानों का कहना है बारिश हुई तो सारी मेहनत बह जाएगी। गेूहं की तैयार फसल खराब हो जाएगी। किसान बारिश न होने की दुआ मांग रहे हैं।
टाहलीवाल के किसान देवराज, अर्जुन, कर्णपाल, मुन्ना, अजय एवं कुरियाला से करनैल, हरिकृष्ण, जरनैल, विरेंद्र, तरसेम, दिनेश, गगरेट से महेश कुमार, विनोद कुमार, हरजिंद्र लाल, होशियार चंद, हरोली में चनण सिंह, सोहन लाल, शरणजीत, दरबारा, मैड़ी से प्रकाश चंद, जगतार सिंह, चरणजीत सिंह, अमन, ईसपुर से विशाल, प्रवीण, लाला भगत, सुमित, अंकित, भरवाईं से सतीश कुमार, रणजीत सिंह, नंगड़ा में अनूप चंद, गुरदयाल, लवली, विजय, दुलैहड़ से रमन कुमार, राजू, जीत सिंह, मैहतपुर हंसराज शर्मा, विशाल वर्मा, केसरी लाल, मेहर चंद, अजय सिंह, प्रकाश देव, सूर्य लाल आदि का कहना है कि पिछले दिनों हो रही रुक रुक कर बारिश से आलू की फसल नष्ट हो गई। अब बारिश हुई तो गेहूं की फसल भी बर्बाद हो सकती है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। गेहूं की फसल पक चुकी है, लेकिन घने बादल छाने और बूंदाबंदी से किसानों की नींद हराम हो गई है। किसानों का कहना है कि अगर आलू की फसल की तरह गेहूं की फसल खराब हो गई तो किसान और कर्ज के नीचे दब जाएंगे।

बारिश गेहूं के लिए ठीक नहीं
कृषि उपनिदेशक डा. हरबंस राणा ने बताया कि रुक-रुक कर हो रही बारिश गेहूं की फसल के लिए ठीक नहीं है। किसानों को जल्द से जल्द गेहूं की कटाई की तैयारियां शुरू कर लेनी चाहिए। उन्होंनेे कहा कि गेहूं की तैयार फसल पर बारिश हो जाए तो सारी फसल काली पड़ जाती है।

Related posts