खुंडिया के जंगल में विजिलेंस की दबिश

धर्मशाला। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो ने सोमवार को ज्वालामुखी के समीपवर्ती खुंडिया तहसील के जंगलों में दबिश देकर इमारती लकड़ी के 31 नग बरामद किए। विजिलेंस ने बरामद लकड़ी को अपने कब्जे में लेकर आईपीसी की धारा 420, 120 व फारेस्ट एक्ट की धारा 32, 33, 41, 42 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जबकि आरोपी व्यक्ति मौके से फरार बताया जा रहा है।
आरोप है कि इस तस्करी को अंजाम देने में वन महकमे के कुछ कर्मचारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। इससे पूर्व 18 मार्च को ही विजलेंस ने लगड़ू गांव के जंगल में चीड़ के 89 नग बरामद किए थे। एक हफ्ते में विजिलेंस को लगडू़ गांव के जंगलों में दूसरी बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। इससे साबित हो रहा है कि खुंडियां के जंगलों में कितने वन माफिया सक्रिय हैं। वहीं विजिलेंस की कार्रवाई से वन काटुओं में हड़कंप मच गया है। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो उत्तरी क्षेत्र धर्मशाला के पुलिस अधीक्षक बिमल गुप्ता ने मामले की पुष्टि की है। विजिलेंस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोगराज ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि विजिलेंस को खुंडियां के जंगलों में लकड़ी की तस्करी की शिकायत मिली थी। इस पर निरीक्षक कर्म सिंह, निरीक्षक प्रेम चंद, आरक्षी गुरवचन सिंह और राजीव कुमार की एक विशेष टीम गठित कर मौके पर भेजी। टीम ने जंगल में लकड़ी के 31 ग्रीन नग पकड़े। एएसपी ने बताया कि विजिलेंस ने ओंकार सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि इस अवैध कारोबार में वन महकमे के कुछ कर्मचारी भी शामिल हैं। मामले में दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts