
ऊना। मैहतपुर में उद्योगपति हत्याकांड के बाद ऊना में हथियारों की खरीद-फरोख्त में आरोपी बनाया गया एक अन्य युवक अभी भी पुलिस को चकमा देने में कामयाब है। लगभग 20 वर्ष आयु के इस युवक को खोजने में पुलिस पूरी तरह असमर्थ रही है। हालांकि, युवक की ओर से कट्टा खरीदने के तथ्य का खुलाया लगभग 6 दिन पूर्व हो चुका है। खुलासा होने के समय से ही उक्त युवक ऊना से फरार हो चुका है। बताया जा रहा है कि युवक ऊना नगर के वार्ड नंबर पांच का मूल निवासी है। मैहतपुर में उद्योगपति विनोद कुमार जैन की हत्या के बाद उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से लाए गए देसी कट्टों के विक्रेता नरेंद्र कुमार ने ही युवक के संदर्भ में खुलासे किए थे। उधर, डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस युवक की धरपकड़ के लिए पूरा प्रयास कर रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
