कोहरे में लिपटा जिला ऊना

ऊना। जिला में एकाएक ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मात्र 24 घंटों के दौरान ऊना का न्यूनतम तापमान 2.4 सेल्सियस डिग्री तक लुढ़क गया। रविवार को न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुुंच गया है, जो सर्दी के इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। इसी बीच रविवार सुबह पड़ी घनी धुंध ने लोेगों की मुसीबताें को बढ़ा दिया। सुबह पड़ी घनी धुंध दोपहर 12 बजे के बाद तक बनी रही। जिससे वाहनों की रफ्तार भी एकदम से धीमी पड़ गई। उसके बाद भी धुंधली धूप से लोगाें को कोई राहत नहीं मिल पाई। कुल मिलाकर कूल संडे लोगों पर भारी रहा। रविवार सुबह सात बजे तक मौसम पूरी तरह साफ था। लगभग सवा सात बजे ही घनी धुंध ने जिला को अपनी चपेट में ले लिया, जो दोपहर तक पूरी तरह बरकरार रही। वहीं जिला के बंगाणा उपमंडल में धुंध का कोई असर नहीं देखा गया। वहां सुबह से ही धूप खिली रही। लेकिन, मैदानी इलाकों में लोगों को ठंड ने खासी दिक्कतों में डाले रखा। वहीं मौसम विभाग ने तापमान के अभी और गिरने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के कार्यकारी अधिकारी विनोद शर्मा ने बताया कि रविवार का दिन ऊना में इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रिकार्ड किया गया है। उन्होंने आगाह किया है कि आने वाले दिनों में तापमान और भी गिरने की संभावना है।
हिमाचल एक्सप्रेस डेढ़ घंटा लेट
ऊना। घनी धुंध और कोहरे के चलते बरेली से दिल्ली होती हुई ऊना आने वाली हिमाचल एक्सप्रेस रविवार को लगभग डेढ़ घंटा लेट पहुंची। जबकि अन्य कोई भी गाड़ी लेट नहीं हुई है। ऊना रेलवे स्टेशन प्रभारी रोहित झा ने बताया कि मौसम खराब होने की वजह से हिमाचल एक्सप्रेस निर्धारित समय से डेढ़ घंटा लेट पहुंची है। उन्होंने बताया कि सर्दी के इस सीजन में पहली बार रेल सेवा प्रभावित हुई है। झा ने बताया कि यदि मौसम इसी प्रकार खराब रहा तो आने वाले दिनों में यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ सकता है।

Related posts