
अंब (ऊना)। हरोली के कांगड़ धर्मपुर निवासी प्रगतिशीन किसान मस्तान सिंह ने एक कोल्ड स्टोर मालिक पर आलू के 54 बैग खुर्द-बुर्द करने का आरोप लगाया है। मस्तान सिंह ने इसकी शिकायत हरोली पुलिस थाना में की है।
उन्होंने आरोप जड़ा कि मेहनत कर अपने खेत में आलू उगाए थे। बीज के लिए 54 बैग आलू कोल्ड स्टोर में जमा कराए थे। आलू को स्टोर करने के लिए कोल्ड स्टोर मालिक को बाकायदा भुगतान भी किया गया। जब मस्तान सिंह कोल्ड में रखे आलू को लाने गए तो कोल्ड स्टोर मालिक ने उनके चक्कर लगवाने शुरू किए। कई चक्कर काटने के बाद जब मस्तान सिंह ने सख्त रुख अख्तियार किया तो स्टोर मालिक ने कहा कि आलू खराब हो गए हैं। मस्तान सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपी कोल्ड स्टोर मालिक ने उनक ा आलू का बीज किसी और को बेचकर हजारों रुपये बटोर लिए हैं। कोल्ड स्टोर मालिक के इस कारनामे के बाद किसान को अलग से हजारों रुपये का आलू बीज खरीदना पड़ा। हरोली थाना के एसएचओ महेंद्र कुमार ने मस्तान सिंह की ओर से शिकायत पत्र मिलने की पुष्टि की है।
