केसीसीबी के सवा करोड़ फंसे

हमीरपुर। कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक (केसीसीबी) प्रबंधन ने कर्जदारों से ऋण वसूली के लिए पूरी तैयारी कर ली है। तीन दर्जन से अधिक कर्जदार सवा करोड़ रुपये की राशि पर कुंडली मारे बैठे हैं। बैंक प्रबंधन के आग्रह, नोटिस के बावजूद कर्जदार ऋण चुकता नहीं कर रहे हैं। अब बैंक प्रबंधन कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। बैंक प्रबंधन पहले संपत्तियों पर कब्जा करेगा, उसके पश्चात एक अवसर और प्रदान किया जाएगा। इसके बावजूद ऋण चुकता नहीं किया जाता तो बैंक प्रबंधन संपत्तियों की नीलामी कर ऋण राशि की वसूली करेगा। अधिकांश मामले गृह ऋण के बताए जा रहे हैं। कर्जदार बैंक प्रबंधन की कार्रवाई को केवल डीआरटी चंडीगढ़ के समक्ष ही चुनौती दे सकते हैं।
बैंक प्रबंधन सूत्रों के अनुसार प्रबंधन ने सरफेसी एक्ट 2002 के तहत हाल ही में छह मामलों में कार्रवाई करते हुए संपत्ति पर कब्जा हासिल कर लिया है। सभी मामलों में कर्जदार काफी समय से बैंक ऋण चुकता नहीं कर रहे थे, जिसके पश्चात प्रबंधन ने प्रक्रिया पूरी कर कार्रवाई को अंजाम दिया है। आधा दर्जन मामलों में बैंक की करीब 30 लाख रुपये की ऋण राशि फंसी हुई है। सूत्र बताते हैं कि ढाई दर्जन अन्य मामलों में बैंक प्रबंधन कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। संपत्ति पर कब्जा (पोजेशन) हासिल करने से पूर्व नोटिस सर्व करने के साथ ही अन्य प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है। कर्जदारों को अवसर प्रदान किया जा रहा है। इसके बाद अंतिम कार्रवाई होगी।

ऋण अदा न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई चल रही है। नियमानुसार ऋण वसूली के लिए बैंक प्रबंधन कार्रवाई कर रहा है। छह मामलों में संपत्तियों पर कब्जा किया है।
-मनोहर लाल दल्याल, एजीएम हमीरपुर केसीसी बैंक

दो नई शाखाएं खोलने की संस्तुति
हमीरपुर जोन के तहत हाल ही में दो नई शाखाएं खोले जाने की संस्तुति के साथ प्रबंधन ने रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी है। एजीएम कार्यालय की ओर से नाल्टी, दोसड़का में बैंक की शाखाएं खोलने को लेकर की गई सर्वे रिपोर्ट के साथ आवश्यकता को देखते हुए शाखा खोले जाने की संस्तुति की है।

Related posts