केजरीवाल जनता दरबार: शिकायतें दूर करने के लिए मांगा समय

केजरीवाल जनता दरबार: शिकायतें दूर करने के लिए मांगा समय

नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने के बाद अरविंद केजरीवाल ने आज अपने पहले जनता दरबार में लोगों की दिक्कते सुनी और उनसे आग्रह किया कि व्यवस्था ठीक करने के लिए कुछ दिनों का समय दें जिससे की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा सके। गाजियाबाद में कौशांबी स्थित निजी आवास पर वैसे तो केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री नियुक्त होने के बाद ही जनता दरबार लगा रहे हैं किन्तु कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद यह उनका पहला दरबार था। केजरीवाल के घर के बाहर मौजूद जनता ने उनका स्वागत किया।

 

केजरीवाल ने कहा कि व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कुछ दिन का समय दीजिए और उसके बाद उनकी शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई की जाएगी मुख्यमंत्री से मिलने वालों में अधिकांश लोग दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के ठेके पर काम करने वाले अस्थाई कर्मचारी थे और वे अपनी नौकरी स्थाई करने के लिए आग्रह करने आए थे। सूत्रों के अनुसार छुट्टी का दिन होने के वावजूद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार के कई विभागों के अधिकारियों को विचार विमर्श के लिए बुलाया है।

 

केजरीवाल ने कल शपथ लेने के बाद अपने मंत्रिमंडल की पहली बैठक में कयी अहम फैसले लिए थे और उनका व्यापक असर देखने को मिला। आम आदमी पार्टी (आप) अपने घोषणा पत्र में रोजाना 700 लीटर पानी मुफ्त और बिजली की दरों में पचास फीसदी कटौती करने का वादा किया था। केजरीवाल ने कल ही कहा है कि पानी के संबंध में सोमवार को फैसला कर लिया जाएगा और बुधवार तक बिजली के बारे में भी घोषणा कर दी जाएगी।

Related posts