केंद्र और राज्य सरकार पर महंगाई बढ़ाने का आरोप

नाहन (सिरमौर)। भाजपाई महिलाएं अब शहर भर की महिलाओं की हथेलियों में सुंदर मेंहदी रचाएंगी। नाहन भाजपा महिला मंडल मोर्चा ने बुधवार को मेहंदी अभियान की शुरूआत की। इस दौरान हस्ताक्षर अभियान का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महिला मंडल मोर्चा की अध्यक्षा रेखा तोमर ने की। अभियान का मुख्य उद्देश्य नरेंद्र मोदी की सुजानपुर में होने वाली रैली को पूर्ण रूप से सफल बनाना है। रेखा तोमर ने बताया कि मेहंदी तथा हस्ताक्षर अभियान के तहत महिला मोर्चा घर-घर जाकर महिलाओं को मेंहदी लगाएंगी। महिलाओं के हस्ताक्षर भी लिए जाएंगे। अभियान के दौरान महिलाओं को नरेंद्र मोदी की रैली में भाग लेने को प्रेरित किया जाएगा।
इससे पूर्व भाजपा महिला मंडल मोर्चा की बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्षा रेखा तोमर ने महंगाई तथा रसोई गैस की कीमतों को लेकर केंद्र तथा राज्य सरकार की नीतियों पर जम कर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि गृहिणियों को घर का चूल्हा चौका चलाना बेहद संकट भरा हो गया है। चारों ओर गरीब एवं आम व्यक्ति महंगाई तथा भ्रष्टाचार से टूट चुका है। गरीब लोगों को जहां परिवार पालना कठिन हो गया है वहीं रसोई गैस के दामों ने शहर से लेकर गांव तक आम लोगाें में हाहाकार मचा कर रख दिया है।
इससे पूर्व महिला मोर्चा ने जोर देकर कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार पूरी तरह से बदले की भावना से काम कर रही है। सरकार मात्र अपने विरोधियों को प्रताड़ित कर रही है। बैठक को मंडल महिला मोर्चा की महासचिव मोना तोमर, अल्का गर्ग, रमा अग्रवाल ने भी अपने विचार रखे।
बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष दीन दयाल वर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्या प्रतिभा कौशिक, प्रदेश महिला मोर्चा सदस्या मोहिनी गुप्ता, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष आशा तोमर, भाजपा महिला मोर्चा प्रभारी डॉ. स्नेह गर्ग, नाहन मंडल सचिव विशाल तोमर के अलावा महिला मोर्चा की निति अग्रवाल, शीला जोशी, निशा अग्रवाल, मधु बिंदल, प्रोमिला, कविता, लक्ष्मी, ज्योति, ऊमा, बाला देवी, अनुराधा, शिवानी, कृष्णा, कमलेश, मनीषा आदि मौजूद थे।

Related posts