केंद्रीय मंत्री के समक्ष उठाया रेल विस्तार का मुद्दा

हमीरपुर। सुजानपुर विस क्षेत्र से निर्दलीय विधायक राजेंद्र राणा ने ऐतिहासिक नगरी सुजानपुर को रेल संपर्क से जोड़ने की वकालत की। राणा ने केंद्रीय रेलमंत्री पवन कुमार बंसल से मिलकर मांग को प्रमुखता के साथ रखा। राणा ने चंडीगढ़ में केंद्रीय मंत्री के साथ मुलाकात की। उनके साथ हिमाचल से संबंध रखने वाले लोगों का प्रतिनिधिमंडल भी था। राणा ने केंद्रीय रेल मंत्री से हिमाचल में रेल विस्तार के मामले को भी प्रभावी ढंग से उठाया और मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा।
राणा ने तर्क दिया कि पूरे देश में रेल सेवाओं का विस्तार हुआ है लेकिन हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य के साथ हमेशा अनदेखी होती आई है। आजादी के बाद हिमाचल प्रदेश में महज कुछ किलोमीटर क्षेत्र ही रेल सेवा से जुड़ पाया है जबकि प्रदेश में पर्यटकों की आमद में बढ़ोतरी होने के अलावा प्रदेश की जनसंख्या भी बढ़ी है। हजारों की तादाद में हिमाचल वासी सेना के तीनों अंगों के अलावा देश के विभिन्न भागों में नौकरी करते हैं।
उन्होंने कहा कि सुजानपुर टीहरा को महाराजा संसार चंद जैसे कलाप्रिय शासक की कर्मस्थली तो कहा ही जाता है, साथ ही ऐतिहासिक किले, मंदिर सैलानियों, श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केन्द्र हैं। राजेन्द्र राणा ने रेलमंत्री को सौंपे ज्ञापन के माध्यम से ध्यान में यह भी लाया कि पठानकोट से जोगिन्द्रनगर तक चलने वाली रेलगाड़ी का एक ठहराव कांगड़ा जिला का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल (रानीताल) ज्वालामुखी है जो सुजानपुर टीहरा से करीब 40 किलोमीटर है और हमीरपुर जिला के एक अन्य ऐतिहासिक नगर नादौन से जिसकी दूरी महज 12 किलोमीटर है।

Related posts