कुल्लू जिले में कोरोना का पहला पॉजिटिव आया सामने

शिमला

सांकेतिक तस्वीर
हिमाचल प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव के छह मामले सामने आए हैं। कुल्लू जिले में पहला कोरोना पॉजिटिव सामने आया है। मिला जानकारी के मुताबिक मुंबई से दस लोग ट्रेन से ऊना होकर 18 मई को कुल्लू के बजौरा चेकपोस्ट पर पहुंचे। यहां इन सभी लोगों की कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए। इन्हें आयुर्वेद अस्पताल में आईसोलेट करके रखा गया था। इनमें से आनी के कुठेड़ गांव के रहने वाले एक 23 साल के युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

एसपी गौरव सिंह ने पुष्टि की है। बताया जा रहा है कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद युवक को अलग किया गया है। पहले उसे छह लोगों के साथ रखा गया था। ऐसे में अन्य लोगों के भी कोरोना संक्रमित होने का खतरा है।
वहीं कांगड़ा जिले में पहली बार एक साथ पांच कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें एक महिला लंबा गांव, एक महिला और दो व्यक्ति झयोल और एक व्यक्ति  ज्वालामुखी से है। यह सभी 18 मई को मुंबई से ट्रेन से ऊना लौटे हैं। सभी को परौर के संस्थागत  क्वारंटीन केंद्र में रखा गया था।
अब हिमाचल में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 98 पहुंच गया है। इनमें 44 सक्रिय मामले हो गए हैं। जबकि 47 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। चार लोग इलाज के लिए बाहर गए हैं तो कांगड़ा, मंडी और हमीरपुर के तीन लोगों की मौत हो चुकी है।

राज्य में अब तक 32243 लोगों को निगरानी में रखा गया। इनमें से 9538 लोगों ने 28 दिन की जरूरी निगरानी अवधि पूरी कर ली है और सभी स्वस्थ हैं। राज्य में अब तक कोरोना को लेकर 19645 लोगों की जांच की गई।

 

Related posts