कुफरी में गाड़ी गिरी, एक सैलानी की मौत

शिमला। राजधानी से सटे पर्यटक स्थल कुफरी में शनिवार को गाड़ी खाई में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक उत्तरप्रदेश के मेरठ के भवाना निलोहा गांव के थे। हादसे में मृतक युवक की पत्नी सहित चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घायलों को आईजीएमसी शिमला में भर्ती कराया गया है।
ढली पुलिस के मुताबिक शनिवार दोपहर बाद यह हादसा हुआ। मेरठ से पांच लोग शिमला घूमने आए थे। शनिवार को कुफरी से लौटते समय इनकी गाड़ी इंडिगो अनियंत्रित होकर सड़क से खाई में जा गिरी। युवक युवराज की मौके पर ही मौत हो गई। गाड़ी में युवराज के अलावा उनकी पत्नी निकिता (24), विकास, अभिनव और अभिषेक भी सवार थे। विकास गाड़ी चला रहा था। विकास की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलोें को आईजीएमसी शिमला में भर्ती कराया गया है। ढली पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही शिमला ग्रामीण के उपमंडलाधिकारी ज्ञान सागर नेगी भी मौके पर पहुंच गए। प्रशासन की ओर से घायलों के उपचार की व्यवस्था कर दी गई है। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. रमेश ने बताया कि घायलों का उपचार चल रहा है। विकास की हालत गंभीर है। निकिता, अभिषेक और अभिनव को हल्की चोटें आई हैं।

Related posts