किसानों को सम्मानित करेगा कृषि विभाग

चंबा। कृषि विभाग अगस्त माह में जिला स्तरीय किसान सम्मान समारोह का आयोजन करेगा। इसमें जिले के सात ब्लाकों के 35 किसानों को 10-10 हजार रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा। ये पुरस्कार चुनाव कृषि, बागबानी और पशुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों-बागबानों को दिए जाएंगे। कृषि-बागबानी के प्रति आकर्षित करने के लिए हर वर्ष विभाग ऐसे पुरस्कार देता है। पुरस्कारों के लिए उन्हीं किसानों का चयन किया जाएगा, जिन्होंने बेहतर कार्य किया हो और अन्य किसानों को आधुनिक किस्म से खेती के तौर तरीकों से अवगत करवाया हो। विभाग का कहना है कि किसानों को पुरस्कृत करने का मुख्य उद्देश्य उन्हें कृषि-बागबानी के प्रति आकर्षित करना है। इससे उनका रुझान खेतीबाड़ी में बढ़ेगा। आत्मा परियोजना के उपनिदेशक डा. सुभाष चौधरी ने बताया कि उन्हीं किसानों-बागबानों को पुरस्कार दिए जाएंगे, जिन्हें पहले किसी प्रकार का पुरस्कार न मिला हो। कृषि और बागबानी के क्षेत्र में सरकार काफी बजट उपलब्ध करवा रही है। विभाग इसका सही क्षेत्र में उपयोग कर रहा है। किसानों की हर प्रकार की समस्याओं का विभागीय कर्मचारी समाधान कर रहे हैं और उन्हें आधुनिक किस्म से खेती करने के बारे में भी बताया जा रहा है। वहीं, कृषि विभाग के उपनिदेशक शिव कुमार शर्मा ने बताया कि किसानों-बागबानों तक विभागीय योजनाओं को पहुंचाने के लिए विभाग प्रयासरत है। विभाग की योजनाओं और आधुनिक तकनीकों के बारे में किसानों को समय-समय पर बताया जाता है। कृषि, बागबानी के क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाले किसानों-बागबानों को पुरस्कार दिए जाएंगे।

Related posts