
चंबा। जिला चंबा में अब तक एक भी युवा कौशल भत्ते का हकदार नहीं बन पाया है। सरकार की ओर से कौशल भत्ते के लिए निर्धारित शर्तोें को पूरा नहीं कर पाने के कारण रोजगार विभाग के पास पहुंचे सभी आवेदन रिजेक्ट हो गए हैं। इस कारण बेरोजगार युवाओं को कौशल भत्ते की सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक जैसे ही सरकार ने बेरोजगार युवाओं को कौशल भत्ता देने की घोषणा की, जिला रोजगार कार्यालय में एक दर्जन के करीब युवाओं ने भत्ते के लिए आवेदन किया, लेकिन सभी के आवेदन रिजेक्ट हो गए हैं। प्रदेश सरकार ने बेरोजगार युवाओं को एक हजार रुपये कौशल विकास भत्ता देने की योजना तैयार की है। इसके अलावा अक्षमों को 1500 रुपये प्रतिमाह देने के लिए रोजगार कार्यालय में आवेदन करने को कहा है, लेकिन इसके लिए दस प्रकार की शर्तें अनिवार्य कर दी है। इन सभी शर्तों को पूरा करने वाले बेरोजगार युवाओं को ही भत्ता दिया जाएगा, लेकिन जिला चंबा में एक भी युवा इन शर्तों को पूरा नहीं कर पा रहा है। इसके चलते इस भत्ते का कोई भी हकदार नहीं बन पाया है। रोजगार विभाग के असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट हरबंस धीमान ने बताया कि विभाग के पास अब तक कौशल भत्ते के लिए जो भी आवेेदन आए हैं वे सभी रिजेक्ट हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जारी शर्तों को पूरा न कर पाने के कारण बेरोजगार युवाओं के आवेदन रद्द हुए हैं।
बाक्स
ये शर्तें पूरी करना जरूरी
युवा कौशल भत्ते के लिए आवेदक दस जमा दो पढ़ा होना चाहिए, दो वर्ष पहले रोजगार कार्यालय में नाम दर्ज होना चाहिए, किसी कौशल विकास पाठ्यक्रम में नामांकित हो। तकनीकी संस्थान में ट्रेनिंग कर रहा हो। इसके लिए संस्थान से लिखवाकर लाना अनिवार्य है, परिवार की वार्षिक आय दो लाख से कम होनी चाहिए, हिमाचल प्रदेश का स्थायी निवासी हो और स्वरोजगार में न लगा हो और सरकारी कर्मचारी न हो।
