
घनसाली (टिहरी)। भिलंगना प्रखंड में गोनगढ़ पट्टी के ग्राम पंचायत कोट में 15 दिन पहले हुई किशोर की रहस्यमय मौत से पर्दा नहीं उठ पाया है। दूसरी तरफ नामजद आरोपियों ने पीड़ित परिवार से जानमाल का खतरा होने की तहरीर दी है।
गोनगढ़ पट्टी के ग्राम कोट में 15 दिन पहले शिव सिंह के 14 वर्षीय पुत्र हुकम सिंह अपने मकान की छत की रेलिंग पर फांसी के फंदे से लटका मिला था। मृतक के पिता शिव सिंह ने गांव के ग्यारह लोगों के खिलाफ राजस्व पटवारी चौकी भट्टगांव में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। लेकिन राजस्व पुलिस ने अभी तक तहरीर के आधार पर प्राथमिक जांच करने की जहमत भी नहीं उठाई है। पीड़ित परिजनों ने जांच रेगुलर पुलिस को सौंपने की मांग है। इसके उलट आरोपी कुंवर सिंह, कमल सिंह, लखन सिंह, सूरत सिंह ने पीड़ित परिवार पर गांव में अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए तहसीलदार को तहरीर में गांव में पुलिस बल तैनात करने की मांग की है।
————
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोर की मौत का कारण रस्सी से दम घुटना बताया गया है। मृतक के परिजनों की ओर से जिन ग्यारह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है, उसकी जांच की जा रही है।
– चंद्रमोहन नगवाण, राजस्व उपनिरीक्षक भट्ट गांव
——————
गांव के लोगों ने जो शिकायत की गई है, उसके आधार पर पटवारी को जायजा लेने के लिए गांव भेजा जा रहा है, युवक की मौत की जांच रेगुलर पुलिस को ट्रांसफर किया गया है।
