आठ साल से नहीं बनी 11 किमी सड़क

लंबगांव (टिहरी)। प्रतापनगर प्रखंड में वर्ष 2004 से निर्माणाधीन कुड़ी सौड़- केमुंडाखाल मोटर मार्ग पर 81 लाख रुपये खर्च होने के बाद भी निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। सड़क निर्माण की चपेट में आई कृषि खेती का मुआवजा भी काश्तकारों को नहीं दिया गया है।
प्रतापनगर और चमियाला क्षेत्र को जोड़ने के लिए 11 किलोमीटर कुड़ी-केमुंडाखाल मोटर मार्ग को वर्ष 2004 में स्वीकृति मिली थी। सड़क निर्माण का काम 2004 में शुरू किया गया। लोनिवि अभी तक 81 लाख रुपये खर्च कर चुका हैं, लेकिन सड़क छह किमी ही बन सकी है। जिससे न्यूगांव,भैंत, घुल्डीयाणी, पोखरियालगांव, श्रीकालाखाल आदि गांवों के लोगों को 15 किमी का अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है। सड़क बनने से प्रतापनगर और चमियाला आवागमन कर रहे लोगों को भी राहत मिलती, लेकिन विभागीय लारवाही से सड़क का निर्माण अधूरा पड़ा है। दूसरी ओर से विभाग ने जो छह किमी सड़क बनाई है, उसकी जद में आई कृषि भूमि का प्रतिकर भी नहीं दिया गया है, जिससे काश्तकार विभाग के चक्कर काटने को मजबूर हैं। कुड़ी के जीत सिंह रावत, अव्वल सिंह रावत और धनपाल सिह ने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान ग्रामीणों की सैकड़ों नाली भूमि क्षतिग्रस्त हुई है, लेकिन आठ वर्ष बीतने के बाद भी उन्हें मुआवजा नहीं दिया गया है।
——————
मुआवजे की फाइल तैयार है, धनराशि मिलते ही भुगतान कर सड़क का निर्माण शुरू किया जाएगा।
-जगमोहन चौहान, ईई लोनिवि नई टिहरी।

Related posts