किन्नौर को बर्फबारी से 150 करोड़ की चपत

रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिले में भारी बर्फबारी ने सरकारी तंत्र सहित आम लोगों को डेढ़ सौ करोड़ की चपत लगाई है। हालांकि, अभी तक पूरे किन्नौर जिला में नुकसान का जायजा नहीं लिया जा सका है। जिला प्रशासन का मानना है कि अभी नुकसान पचास करोड़ और बढ़ सकता है। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार जिला में एक लाख 72 हजार सेब के पौधे टूटे हैं। इससे नुकसान 70 करोड़ रुपये आंका गया है। इसके अलावा भवन, खेत, डोगरी, कठार को 40 करोड़ का नुकसान हुआ है। वहीं हिमाचल प्रदेश परिवहन को एक करोड़ 15 लाख की चपत लगी है। जबकि, निजी वाहन, टैक्सी तथा ट्रांसपोर्टर को एक करोड़ का नुकसान हुआ है। सड़क, पानी, बिजली और सरकारी भवन को 87 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। जबकि, भारी बर्फबारी से किन्नौर में आठ लोगों की मौत हो गई है। बर्फबारी के चलते हिमखंड की चपेट में आने से दो सौ पशु भी दब कर मारे गए हैं। सरकारी आंकड़ों पर गौर किया जाए तो एक माह में 16 से 18 फीट बर्फबारी ने पिछले 105 सालों का रिकार्ड तोड़ा है।
इधर, उपायुक्त किन्नौर कै. जेएम पठानिया ने कहा कि अब तक डेढ़ सौ करोड़ का नुकसान आंका गया है। अभी भी कई स्थानों पर पहुंचना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि 65 पंचायतों में आपदा प्रबंधन कमेटियों का गठन किया है। उन्होंने बताया कि जिला को 4 करोड़ 50 लाख की फ ौरी राहत सरकार ने जारी कर दी है।

Related posts