कांग्रेस – भाजपा नेताओ की दिल्ली दौड़, अपने अपने मकसद में होना चाहते है कामयाब

कांग्रेस – भाजपा नेताओ की दिल्ली दौड़, अपने अपने मकसद में होना चाहते है कामयाब

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज हाईकमान से मिलने दिल्ली जा सकते है । वहां ही विक्रमादित्य सिंह का भी दिल्ली दौरा है।

मंत्रिमंडल की बैठक के बाद वीरवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू नई दिल्ली जा सकते हैं। वह दिल्ली में हाईकमान और आला नेताओं से भेंट कर सकते हैं। उनकी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात संभव है।

हालांकि बुधवार को सीएम सुक्खू के नई दिल्ली जाने का कार्यक्रम फाइनल नहीं था। यह वीरवार को ही तय होगा। वहीं, मंत्री हर्षवर्धन चौहान पहले से ही नई दिल्ली में हैं। पिछले दिनों मंत्री चौहान और अनिरुद्ध सिंह ने कांग्रेस हाईकमान से मिलकर मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व की सरकार में विश्वास जताया है।

हर्षवर्धन कांग्रेस के छह अयोग्य घोषित बागी विधायकों के मामले में प्रतिवादी भी हैं। वह इस मामले के सिलसिले से भी नई दिल्ली में बताए जा रहे हैं। उधर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह वीरवार को फिर दिल्ली जाएंगे।

उन्होंने कहा कि वह केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करेंगे। गडकरी ने हमीरपुर में प्रदेश के कई नए प्रोजेक्ट स्वीकृत किए हैं। विक्रमादित्य ने कहा कि लोकसभा चुनाव के चलते आदर्श आचार संहिता लगनी है, ऐसे में प्रोजेक्टों को अमलीजामा पहनाया जाना है।

जयराम ठाकुर और राजीव बिंदल भी गए दिल्ली, भाजपा के टिकटों पर चर्चा आज
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल भी नई दिल्ली चले गए हैं। नई दिल्ली में उनकी भाजपा के टिकटों पर केंद्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा होनी है। इस संबंध में उनकी वीरवार को एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इसके बाद शुक्रवार को भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक है।

चर्चा है कि भाजपा हाईकमान इस बैठक में हमीरपुर और शिमला संसदीय सीट के टिकटों को लेकर फैसला कर सकता है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का टिकट हमीरपुर से तय बताया जा रहा है, वहीं शिमला के टिकट पर भी निर्णय हो सकता है। दो दिन पहले ही भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने भी शिमला में संभावित प्रत्याशियों पर चर्चा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक ली है।

Related posts