कांग्रेस के 6 बागी विधायकों सहित 3 निर्दलीय विधायकों को चंडीगढ़ से देहरादून किया शिफ्ट

कांग्रेस के 6 बागी विधायकों सहित 3 निर्दलीय विधायकों को चंडीगढ़ से देहरादून किया शिफ्ट

बागी विधायकों को लेकर भाजपा बना रही है कई रणनीति, अयोग्य घोषित किए गए कांग्रेस के छह विधायकों सहित तीन निर्दलीय विधायकों को चंडीगढ़ से देहरादून शिफ्ट किया गया है। सूत्रों के अनुसार उन्हें मसूरी या ऋषिकेश में रखा गया है। शुक्रवार दोपहर को चंडीगढ़ से चार्टर्ड प्लेन के माध्यम से उन्हें देहरादून ले जाया गया। मुख्यमंत्री ने बैजनाथ में जनसभा के दौरान कहा कि चंडीगढ़ में रखे गए कांग्रेस के छह बागी और तीन निर्दलीय विधायकों को कहीं और शिफ्ट कर दिया है।

शिफ्ट किए गए कांग्रेस के बागी विधायकों में इंद्रदत्त लखनपाल, सुधीर शर्मा, राजेंद्र राणा, रवि ठाकुर, चैतन्य शर्मा व देवेंद्र भुट्टो  शामिल हैं। वहीं निर्दलीय विधायकों में होशियार सिंह, केएल ठाकुर व आशीष शर्मा शामिल हैं। बता दें, अयोग्य घोषित किए गए कांग्रेस के छह विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।  नजरें अब सुप्रीम कोर्ट पर टिकी हैं।
कोर्ट से आने वाले फैसले के बाद भाजपा आगामी रणनीति पर काम करेगी।  बता दें, कांग्रेस सरकार के पास बहुमत होने के बावजूद राज्यसभा की सीट भाजपा की झोली में जाने के बाद क्रॉस वोटिंग करने वाले छह विधायकों को अयोग्य घोषित किया था। हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने दलबदल विरोधी कानून के तहत यह कार्रवाई की थी। बागी विधायक काफी समय से चंडीगढ़ के एक होटल में ठहरे थे। अब उन्हें उत्तराखंड शिफ्ट कर दिया गया है। 

Related posts