कांगड़ा में तकनीकी शिक्षा में मिलेगी नौकरी

कांगड़ा। तकनीकी शिक्षा मंत्री जीएस बाली ने कहा कि टांडा मेडिकल कॉलेज की तरह अब लोगों को तकनीकी शिक्षा में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। मस्सल में 500 कनाल भूमि पर बनने वाले इंजीनियरिंग कॉलेज की आधारशिला पंद्रह फरवरी को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह रखेंगे। इस दौरान सीएम विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कांगड़ा में पत्रकारवार्ता में बाली ने कहा कि प्रथम चरण में 50 करोड़ की लागत से बनने वाले इस कॉलेज में मेकेनिकल, सिविल और कंप्यूटर एंड कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग के प्रत्येक बैच में साठ सीटें अप्रूव हो चुकी हैं। इस साल से बैच शुरू होगा। कॉलेज का नाम राजीव गांधी गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज रखने का मामला कैबिनेट की बैठक में रखा जाएगा। कॉलेज में तीस फैकल्टी के पद स्वीकृत हो चुके हैं।
इसके साथ ही सीएम साढ़े बारह करोड़ की लागत से नगरोटा बगवां में पेयजल योजना का शिलान्यास भी रखेंगे। वहीं, चंगर क्षेत्र में करीब साढ़े चार करोड़ की लागत से पेयजल योजना का नींव पत्थर रखा जाएगा। सीएम इस दिन पालरा पुल का उद्घाटन भी करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री नगरोटा के ओबीसी भवन और टांडा मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निरीक्षण भी करेंगे। पंडित अनंत राम बड़ोह कॉलेज के सरकारीकरण की अधिसूचना सरकार ने जारी कर दी है। इसके लिए वे व्यक्तिगत तौर पर पं. बलिराम शर्मा के आभारी हैं। कांगड़ा पॉलीटेक्निक कालेज में सिविल और इलेक्ट्रानिक इंजीनियरिंग के कोर्स शुरू करने की भी मंजूरी मिल चुकी है।

भाजपा का वाकआउट दुर्भाग्यपूर्ण
बजट सत्र में भाजपा की ओर से किए जा रहे वाकआउट को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। विस को सुचारु ढंग से चलाने के लिए इस मसले को तुरंत सुलझाना चाहिए। इस मौके पर पीसीसी सचिव अजय वर्मा, नवनीत ठाकुर, चरित चौधरी भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

ऑफ द रिकार्ड
इशारों ही इशारों में बाली ने संकेत दिए कि कांगड़ा में इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने के लिए वह पूरी तरह तैयार थे, लेकिन पूर्व विधायक संजय चौधरी की ओर से उस दौरान यहां कॉलेज खोलने पर दी गई बयानबाजी को लेकर इसे नगरोटा बगवां ले जाया गया।

Related posts