कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक सीमित के चुनाव, भाजपा को अपने ही लोग दे रहे हैं कड़ी टक्कर

कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक सीमित के चुनाव, भाजपा को अपने ही लोग दे रहे हैं कड़ी टक्कर

हमीरपुर
कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक सीमित (केसीसीबी) के निदेशक मंडल चुनाव के लिए बिसात बिछ गई है। हमीरपुर जिले के दोनों जोन से भाजपा को अपने ही लोग चुनाव मैदान में कड़ी टक्कर दे रहे हैं। हमीरपुर जिले से अभी तक छह प्रत्याशियों ने बुधवार तक नामांकन भरा है। 17 सितंबर को नामांकन का आखिरी दिन है। 19 सितंबर को नामांकन पत्रों की छंटनी होगी और 23 सितंबर को प्रत्याशी अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। इसके बाद निदेशक मंडल सदस्यों के लिए 30 सितंबर को मतदान होगा।

हमीरपुर जोन से मंडल भाजपा भोरंज से वर्तमान अध्यक्ष देश राज शर्मा और पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल ठाकुर, देश राज ठाकुर और बैंक के पूर्व वाइस चेयरमैन एवं पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया समेत कुल चार लोगों ने नामांकन भरा है। वहीं नादौन जोन से आत्म प्रकाश और जैदनाथ शर्मा मैदान में हैं। दिलचस्प बात यह है कि आत्म प्रकाश को नादौन विस क्षेत्र से पूर्व भाजपा विधायक विजय अग्निहोत्री, तो जैदनाथ शर्मा को बड़सर विस क्षेत्र से पूर्व भाजपा विधायक बलदेव शर्मा का समर्थन है।
16 जोन से निदेशक करेंगे बैंक चेयरमैन, वाइस चेयरमैन का चुनाव
प्रदेश में कुल 16 जोन हैं, जहां से निदेशक मंडल के सदस्य चुन कर आएंगे। कांगड़ा से सर्वाधिक 8 सदस्य चुने जाएंगे। जबकि हमीरपुर से 2, ऊना से 3, कुल्लू से 2 और लाहुल-स्पीति से 1 सदस्य चुना जाएगा। इसके अलावा केसीसीबी के प्रबंध निदेशक और रजिस्ट्रार समेत कुल पांच सदस्य सरकार की तरफ से मनोनित होंगे। लेकिन पांच जिलों के 16 सदस्यों को ही केसीसीबी का चेयरमैन और वाइस चेयरमैन चुनने का अधिकार रहेगा।

17 सितंबर को शाम पांच बजे तक निदेशक मंडल सदस्यों के लिए नामांकन किया जा सकता है। 19 सितंबर को नामांकन पत्रों की प्तछंटनी होगी और 23 सितंबर को प्रत्याशी अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। इसके बाद निदेशक मंडल सदस्यों के लिए 30 सितंबर को मतदान होगा। नादौन से 2, जबकि हमीरपुर से अभी तक 4 लोगों ने नामांकन दाखिल किया है। – अशोक चौहान, एआरओ, सहकारी सभाएं हमीरपुर

 

Related posts