कंप्यूटर शिक्षक संघ ने मांगी अनुबंध नीति

धर्मशाला। जिला कांगड़ा कंप्यूटर शिक्षक संघ की बैठक में कंप्यूटर शिक्षकों की समस्याओं व मांगों पर विचार-विमर्श किया गया। वीरवार को धर्मशाला पुलिस मैदान में मुख्य सलाहकार सुशील ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें कंप्यूटर शिक्षकों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग उठाई है कि कंप्यूटर शिक्षकों को अनुबंध नीति के तहत शामिल किया जाए।
सुशील ने कहा कि करीब 10 साल से सेवाएं दे रहे कंप्यूटर शिक्षकों के साथ विभाग व सरकार अन्याय कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर भरोसा जताते हुए कहा कि वह कंप्यूटर शिक्षकों का भविष्य बर्बाद होने से अवश्य बचाएंगे। उन्होंने मांग की है कि 1329 कंप्यूटर शिक्षकों को वरीयता के आधार पर नियुक्ति प्रदान की जाए, जिससे शिक्षा बोर्ड के पेपरों का भी उनके द्वारा मूल्यांकन किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सुनिश्चित कंपनी ने 13 से 20 मार्च तक कंप्यूटर शिक्षकों के साक्षात्कार लिए हैं। लेकिन कंपनी ने एक अप्रैल से अध्यापकों को जो नियुक्ति पत्र देने की बात कही थी। उसे कंपनी ने नहीं दिया तथा अभी तक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सीपीएस (शिक्षा) नीरज भारती के बयान के बावजूद भी कंप्यूटर शिक्षकों के लिए विभाग की और से कोई नीति नहीं बन पाई है।
इस मौके पर कंप्यूटर शिक्षक संघ के जिला कांगड़ा प्रधान गगनदीप, उप प्रधान सुमिंदर कुमार, विशाल शर्मा, मुनीष मेहरा, आंचल, अरविंद, राम सिंह, सुमन, विकास महाजन, मुनीष महाजन, मधु, मोनिका सहित लगभग 150 कंप्यूटर शिक्षक मौजूद रहे।

Related posts