और धूमल के बोलते ही गुल हो गई बत्ती

भल्याणी (कुल्लू)। भाजपा के कुल्लू मंडल की पाठशाला में धूमल के संबोधन के वक्त बिजली के खलल ने राजनीतिक रंग ले लिया। सोमवार को भाजपा के अभ्यास वर्ग में जैसे ही पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने देवसदन में भाजपाइयों को चुनावी टिप्स देने शुरू किए तो एकाएक बत्ती गुल हो गई।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि हालांकि संगठन ने कार्यक्रम को लेकर विभाग को एक सप्ताह पहले अवगत करवा दिया था। बावजूद इसके बोर्ड ने कांग्रेसी नेताओं के दबाव में आकर कार्यक्रम को असफल बनाने की कोशिश की। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राम सिंह ने कहा कि उन्होंने स्वयं एक हफ्ता पूर्व विद्युत बोर्ड के अधिकारियों से बात कर कार्यक्रम में बिजली की आपूर्ति को सुचारु रखने का आग्रह किया था। भाजपा के जनजातीय मोर्चा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं अभ्यास वर्ग के राज्य संयोजक युवराज बोध और जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राजेंद्र चौधरी तथा जिला प्रेस सचिव जोगिंद्र शुक्ला ने आरोप लगाया है कि अकसर जब टेलीविजन पर नरेंद्र मोदी के निर्धारित कार्यक्रमों का प्रसारण होना होता है, तो इस दौरान भी बत्ती गुल हो जाती है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह ने बताया कि ऐसा काम कांग्रेसी नेताओं के दबाव में हो रहा है।

विद्युत लाइन में आया था फाल्ट : ठाकुर
विद्युत बोर्ड के अधीक्षण अभियंता प्रवेश ठाकुर ने कहा कि विद्युत लाइन में फाल्ट आने से बिजली गुल हो गई थी। वहीं कांग्रेस के जिला अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने कहा कि आरोप निराधार हैं। कांग्रेस पार्टी की विचारधारा ऐसी मानसिकता की नहीं है।

Related posts