ओलों से सेब बचाना है तो एंटीहेलनेट खरीदें

कुल्लू। जिला कुल्लू के बागवानों के लिए अच्छी खबर है। अगर सेब तथा अन्य फलों को बचाना है तो समय पर बागवान एंटीहेलनेट (ओला अवरोधक जाली) खरीद सकते हैं। इसके लिए बागवानी महकमा उद्यान तकनीकी मिशन योजना के तहत बागवानों को राहत देगा। बागवानों को एंटीहेलनेट लेने पर 80 फीसदी उपदान मिलेगा।
जिले में बागवानों को सेब या अन्य फलदार पौधों के स्पर में फूल निकलते समय ओलावृष्टि होने का डर सताता रहता है। बागवानों को अब घबराने की कोई बात नहीं है। अब आधुनिक तकनीकों का प्रयोग कर भी बागवान अपने उत्पादन को बचाने में सक्षम हो सकता है। केंद्र तथा राज्य सरकार ने बागवानों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाओं का प्रावधान किया है। कुल्लू में सेब का उत्पादन भारी संख्या में होता है। बागवानों को समय से पहले सेब को ओलावृष्टि से बचाने के लिए एंटीहेलनेट खरीदनी चाहिए। उद्यान विभाग एंटीहेलनेट पर बागवानों को 80 फीसदी सब्सिडी देगा। बागवानों को सब्सिडी उद्यान तकनीकी मिशन के तहत 16 रुपये प्रति स्केयर मीटर के हिसाब से मिलेगी, जबकि बाजार का मूल्य 35 रुपये प्रति स्केयर मीटर है। बागवान विभाग से 5000 स्केयर मीटर तक सब्सिडी पर एंटीहेलनेट का लाभ ले सकता है। इस पर विभाग 80 हजार रुपये का उपदान देगा।

उद्यान विभाग के उपनिदेशक कुल्लू डा. बीसी राणा ने किसानों को जानकारी दी है कि समय रहते सेब, पलम तथा अन्य फलों को ओलावृष्टि से बचाने लिए एंटीहेलनेट खरीदें। उन्होंने बताया कि विभाग तकनीकी मिशन के तहत 80 प्रतिशत उपदान दे रहा है। महकमे में बजट पर्याप्त है। बागवान विभाग के अधिकारियों से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Related posts