एनसीआर में गर्मी से थोड़ी राहत

नई दिल्ली। एनसीआर में बृहस्पतिवार को गर्मी से मामूली राहत रही। सुबह थोड़ी ठंडी हवा के बाद दोपहर बाद तापमान में वृद्धि हुई, लेकिन नोएडा, दिल्ली के पीतमपुरा, मंगेशपुर, जाफरपुर और लोदी रोड में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। जो पिछले पंद्रह दिन में सबसे कम है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों ने फिर पारा चढ़ने के संकेत दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य तापमान है। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ऊपर 27.8 डिग्री रहा। न्यूनतम नमी 17 फीसदी और अधिकतम 55 फीसदी रही। पालम केंद्र पर सबसे अधिक 42.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। शुक्रवार को आसपास साफ रहने के साथ अधिकतम तापमान 42 डिग्री व न्यूनतम 27 डिग्री रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक एम दुरईस्वामी का कहना है कि पहाड़ो में पड़ी बारिश के असर से हवा में थोड़ी ठंडक हुई है। थोड़ी राहत के बाद तापमान में फिर वृद्धि होगी। एक-दो जून को तापमान 42-43 डिग्री के बीच दर्ज होगा। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 3 जून को मौसम में होने वाली गड़बड़ी का असर मैदानी इलाकों पर नहीं के बराबर होगा। जून के पहले सप्ताह में तापमान 42-43 डिग्री ही बना रहेगा।

Related posts