
मंडी। नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के संगठनात्मक चुनाव की भले ही तस्वीर अभी साफ नहीं हो पाई है लेकिन चुनाव की आहट के बीच छात्र नेता जोड़ घटाव में जुट गए हैं। कई छात्र नेता इस बार संगठन में अपना कद बढ़ाने की जुगत में हैं। मंडी जिला एनएसयूआई के अध्यक्ष पद पर दो बार जीत हासिल कर चुके विकास वर्मा इस बार अपनी दावेदारी राज्य अध्यक्ष पद के लिए पेश करने जा रहे हैं। विकास वर्मा के मुताबिक यह फैसला जिला संगठन में की गई सर्वाधिक सदस्यता को देखते हुए लिया है।
विकास वर्मा मंडी जिला अध्यक्ष पद पर दो बार जीत चुके हैं। उनके अध्यक्ष पद पर रहते हुए जिला में एनएसयूआई का ग्राफ भी बढ़ा है। वल्लभ कॉलेज मंडी में इस बार दशकों बाद एनएसयूआई ने जीत की नींव रखी थी। एनएसयूआई उनके नेतृत्व में सीएससीए चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने में कामयाब हुई थी। लेकिन कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि विकास वर्मा को संगठनात्मक चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष पद पर मंडी जिला से ही एक-दो अन्य दमदार उम्मीदवाराें की टक्कर मिल सकती है। विकास वर्मा दो बार जिला अध्यक्ष का चुनाव जीतने के साथ मंडी कालेज में कैंपस प्रधान और जिला उपप्रधान पद पर रह चुके हैं। विकास वर्मा का कहना है कि संगठनात्मक चुनाव में इस बार प्रदेश अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ेंगे। कहा कि उन्हें प्रदेश स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर का पूरा आशीर्वाद मिल रहा है।
