एनएच पर दौड़ती कार जलकर राख

पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून-पांवटा नाहन नेशनल हाइवे पर एक कार दौड़ती-दौड़ती जल गई। हादसा बुधवार देर रात को हुआ। कार में सवार दो लोग बाल-बाल बच गए। दोनों लोग कार में सवार होकर देहरादून से फतेहगढ़ की तरफ जा रहे थे। हादसे में करीब साढ़े चार लाख की क्षति बताई जा रही है। माजरा पुलिस ने रपट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक देहरादून से कालाआंब मार्ग पर देर रात 4 बजे हादसा हुआ। देहरादून के प्रेम नगर निवासी वेद गुप्ता पुत्र श्याम लाल अपने साथी रवि कुमार के साथ घर से फतेहगढ़ के लिए जरूरी कार्य को निकले थे। देर रात को कार यूके 07 एजी 1648 में सवार होकर धौलाकुआं के समीप करौंदेवाली घाटी में पहुंचे। इस बीच वेद गुप्ता को अपनी कार के इंजन से धुआं उठता दिखा। वाहन को थोड़ा आगे ले जाकर साइड में लगाने लगे। इसे बीच आग एकदम आग की लपटें से घिर गई। दोनों ने कार से बाहर निकलकर मिट्टी फेंककर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। साथ ही पुलिस और फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी। लेकिन अग्निशमन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही वाहन पूरी तरह जल गया। सूचना मिलते ही माजरा पुलिस चौकी से आईओ जोगेंद्र सिंह भी टीम सहित मौके पर पहुंचे थे।
डीएसपी नरवीर सिंह राठौर ने कहा कि धौलाकुआं में करौंदेवाली घाटी के पास देर रात को यह हादसा हुआ है। उत्तराखंड देहरादून के प्रेम नगर निवासी वेद गुप्ता और उनके साथी रवि कुमार अपनी कार में सवार थे। देर रात को चलती कार के इंजन में अचानक आग लगी। कार में सवार दोनों व्यक्ति सुरक्षित हैं लेकिन कार पूरी तरह जल गई है।

Related posts