एक दर्जन मार्गों पर यातायात ठप

कुल्लू। जिला कुल्लू में हिमपात के चलते करीब एक दर्जन मार्गों पर यातायात व्यवस्था ठप हो गई है। औट-लुहरी राज्य मार्ग-11 भी बंद पड़ा है। यह मार्ग हिमपात के चलते दूसरी बार बाधित हुआ है। सर्दी के दूसरे हिमपात से जिला में करीब एक दर्जन सड़क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद होने से हजारों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
जिला के बाह्य सराज आनी में आनी-रोहाचला सड़क मार्ग भी यातायात ठप हो गया है। यह मार्ग तीन दिन पहले ही खुला था। हालांकि बुधवार को मौसम साफ रहा और गुनगुनी धूप खिली रही। लोगों को ठंड से निजात तो मिली लेकिन बंद पड़े मार्ग पर दूसरे दिन भी वाहनों की आवाजाही बंद रही है। जलोड़ी दर्रा में एक फुट ताजा बर्फबारी हुई है।
बाह्य सराज में बर्फबारी और नदी-नालों के जमने से औट-लुहरी मार्ग के अलावा आनी-रोहाचला, आनी-कोठी, आनी-कुठेड़, निरमंड क्षेत्र के बागीपुल-बागासराहन, बागीपुल-जाओं-ठारला, डीम-शिल्ह तथा बंजार घाटी के बंजार – गाडागुशैणी – खौली, बंजार-छतरी मार्ग पूरी तरह से जाम हो गए हैं।
लोनिवि ने आवश्यक मार्गों की बहाली के लिए अपनी मशीनरी और मजदूर लगा दिए हैं। सड़कों पर यातायात बंद होने से जिला के कई इलाकों का संपर्क पूरी तरह से कट चुका है। फनौटी, लगौटी, करशैईगाड़, टकरासी, मुहान, कराड़, तीन कोठी तथा डीम, सराहन और ठारला पंचायतों के लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। लोनिवि आनी और बंजार ने औट-लुहरी मार्ग को खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता अनिल शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। जिला में जमकर हुई बारिश से किसानों व बागवानों ने भी राहत की सांस ली है। सूखे की मार से खेतों में बिजी जौ, गेहूं, मटर और लहसुन की खेती को संजीवनी मिली है। जिला कृषि उपनिदेशक डा. ज्ञान ठाकुर और कृषि विकास अधिकारी डा. धर्मपाल गौतम ने बताया कि देरी से सही पर यह बारिश फायदेमंद है। कहा कि बर्फबारी और बारिश सेब तथा अन्य फसलों के लिए टॉनिक का काम करेगी।

Related posts