एक टावर के सहारे 51 पंचायतों को इंटरनैट सेवा

  • एक टावर के सहारे 51 पंचायतों को इंटरनैट सेवा 

ऊना: ऊना के अंब जिले में भारत संचार निगम लिमिटेड की इंटरनैट सेवा वाई मैक्स लगभग ठप्प होने की कगार पर पहुंच चुकी है।
निगम की लचर कार्यप्रणाली के चलते उपमंडल के 4 टावरों में से 3 पूरी तरह से नकारा हो चुके हैं जबकि अब एक ही टावर के सहारे काम चलाया जा रहा है। हालात ये हैं कि बी.एस.एन.एल. के उपमंडल स्तर के अधिकारी बार-बार पत्राचार कर रहे हैं लेकिन बावजूद इसके टावर ठीक नहीं हो पाए हैं। दूसरी ओर बी.एस.एन.एल. के टावरों की मैंटीनैंस करने वाली कंपनी के कर्मचारी भी टावरों को ठीक करने के लिए नहीं आ रहे हैं। ऐसे में बी.एस.एन.एल. की दिक्कतें और बढ़ गई हैं।
रेही में आज तक नहीं चला टावर
उपमंडल अम्ब के लगभग 51 पंचायतों के कई गांवों में सुविधा प्रदान करने के लिए बी.एस.एन.एल. द्वारा वाई मैक्स इंटरनैट सर्विस सहित अन्य सर्विस सिग्रलों के लिए लाखों रुपए खर्च कर बनेहड़ा, अम्ब, भैरा और रेही में 4 टावर लगाए हैं। इनमें से रेही में लगाया टावर कभी चल ही नहीं पाया है। इसके अलावा गौंदपुर बनेहड़ा में लगाया टावर भी पिछले लगभग 3 महीने से ठप्प पड़ा है। यहां एक कलपुर्जा बी.टी.एस. खराब हो गया है जिसकी वजह से पूरा टावर ठप्प हो गया है। इसे ठीक करवाने के लिए बी.एस.एन.एल. के अम्ब कार्यालय ने हमीरपुर सहित अन्य जगहों पर संपर्क किया लेकिन न तो ये कलपुर्जा मिल पाया और न ही ये टावर सुचारू हो पाए। अब लगभग 10 दिनों से अम्ब में लगाया गया टावर भी ठप्प हो गया है और इसका भी बी.टी.एस. खराब हो गया है। बी.एस.एन.एल. के उपमंडल अम्ब में अब एक भैरा गांव में लगा टावर सुचारू कार्य कर रहा है जोकि एक लिमिटेड रेंज में बेहतरीन सेवा दे रहा है लेकिन अन्य रेंज में ढीली सेवा उपभोक्ताओं को प्रदान हो रही है।

Related posts