एक जून से सशर्त बसें चलना हो जाएंगी शुरू, अधिसूचना जारी

शिमला,

हिमाचल में 72 दिनों के इंतजार के बाद एक जून से सशर्त बसें चलना शुरू हो जाएंगी। सरकार ने इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार कुल्लू और बिलासपुर में अपने ही जिलों में बसें चलेंगी जबकि अन्य जिलों में प्रदेश भर में बसें दौड़ेंगी। 12 घंटे के बाद के रूटों पर बसें नहीं चलेंगी। ये बसें सुबह सात से शाम सात बजे तक चलेंगी। बसों के साथ एक जून से टैक्सी, ऑटो और निजी वाहन भी चलाए जाएंगे। परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर ने आरएम और अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस करके पुख्ता इंतजाम के निर्देश भी दिए हैं।

कुल्लू, बिलासपुर जिलों के लांग रूटों पर बसें नहीं चल सकेंगी। चूंकि ये बसें शाम सात बजे से पहले अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सकेंगी। जिला सिरमौर के वाया चंडीगढ़ रूट बंद रहेंगे। पठानकोट जाने वाली बसें जसूर में रुकेंगी। इसके अलावा पंचायत प्रधानों पर चालक-परिचालक को ठहराने का जिम्मा होगा। परिवहन निगम ने चालक-परिचालकों को ड्यूटी के लिए रवाना कर दिया है। शनिवार से बसों की सैनिटाइजेशन शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि हिमाचल पथ परिवहन निगम के पास 3300 बसें हैं जबकि निजी 3100 बसें हैं। इनमें 70 फीसदी बसें ही चलेंगी। आने वाले समय में इन बसों का समय बढ़ाया जाएगा।

एसी बसें नहीं चलेंगी
फिलहाल एसी बसों को नहीं चलाया जाएगा। सामाजकि दूरी और भीड़ से बचने के लिए बसों में 60 फीसदी ऑक्यूपेंसी सुनिश्चित करनी होगी। सभी यात्रियों को मास्क पहनना जरूरी है। बसों को रूटों पर भेजने से पहले सुबह या शाम को सैनिटाइज करना होगा। बसों में खड़े होकर यात्रा करने पर मनाही होगी। चालक और परिचालक के पास हैंड सैनिटाइजर उपलब्ध होना जरूरी है। बस अड्डों में शौचालयों में साबुन मशीन जरूरी है।

कांगड़ा: 350 सरकारी बसें दौड़ेंगी, हर डिपो से चलेंगी 50 से 60 बसें, पठानकोट रूट वाली बसें जसूर तक जाएंगी
शिमला: शिमला जिले में 106 निजी और 200 सरकारी बसें शिमला शहर और जिले में चलेंगी

कुल्लू:  कुल्लू जिले में 40 सरकारी और 50 निजी बसें ही चलेंगी, जिले के बाहर कोई बस नहीं जाएगी

मंडी: मंडी जिले से शिमला और कुल्लू जिले सहित लोकल रूटों पर दौडे़ंगी 50 फीसदी बसें। जिले में निजी बसें नहीं चलेंगी

ऊना: ऊना जिले से पूरे प्रदेश में 50 फीसदी रूटों पर ही चलेंगी निगम की बसें। निजी बसें न के बराबर चलेंगी

बिलासपुर: बिलासपुर जिले में ही 60 फीसदी सवारियों के साथ बसें दौड़ेंगी। हालात सामान्य होने पर ही जिले से बाहर बसें चलेंगी

सिरमौर: सिरमौर में सौ रूटों पर 60 फीसदी बसें चलेंगी। यहां से शिमला और सोलन को भी बसें जाएंगी
हमीरपुर: हमीरपुर जिले के 47 लोकल और 6 अंतर जिला रूटों पर मिलेगी बस सुविधा। शिमला रूट पर एक बस, मंडी रूट पर दो बसें, पालमपुर, बद्दी और धर्मपुर रूट पर 1-1 बस चलेगी

चंबा:  जिले में 45 रूटों पर चलेंगी 52 बसें। शिमला के लिए एक ही बस चलेगी
सोलन: निगम की एक जून से चलने वाली बसों को जिला और अन्य जिलों के लिए मांग के अनुसार चलाया जाएगा। जिले में 200 रूटों पर 100 बसें चलेंगी।

लाहौल-स्पीति लाहौल-स्पीति में 30 बसें जिले के भीतर और चंबा के पांगी और कुल्लू जिले के लिए चलेंगी।  किन्नौर के डीसी गोपाल चंद ने बताया कि एक जून से जिले के सभी रूटों पर सरकारी और निजी बसें चलाई जाएंगी। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का भी ध्यान रखा जाएगा।

 

Related posts